Live VNS

वाराणसी में 25 दिनों से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पिंजरे में कैद, लोगों ने ली राहत की सांस

वाराणसी में 25 दिनों से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पिंजरे में कैद, लोगों ने ली राहत की सांस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- बंगला नंबर 61 के पास वन विभाग के लगाए पिंजरे में फंसा तेंदुआ, मौके पर पहुंची मेडिकल टीम और पुलिस

- वन विभाग की टीम स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा तेंदुआ

वाराणसी, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के छावनी क्षेत्र में पिछले 25 दिनों से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। रविवार देर रात बंगला नंबर 61 के समीप लगाए गए पिंजरे में तेंदुए के फंसने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हलचल मच गई। सोमवार को इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस, वन विभाग की टीम और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए के पकड़े जाने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

तेंदुए को देखने के लिए बंगला नंबर 61 और पुराने चर्च के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से भीड़ न लगाने की अपील की।

डीएफओ निधि चौहान ने बताया कि 22 अक्टूबर को सूचना प्राप्त होने पर सेंट मैरी स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। क्षेत्र में तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि के लिए पदचिह्नों की तलाश की गई। जनसुरक्षा एवं एहतियात के दृष्टिगत सक्षम अधिकारी से अनुमति प्राप्त कर क्षेत्र में 03 पिंजरे एवं कैमरा ट्रैप लगाए गए। क्षेत्र में निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए छावनी क्षेत्र में 24 घंटे और सातों दिन टीमों की तैनाती की गई। भ्रामक एवं फर्जी सूचनाओं के प्रसार को रोकने तथा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पम्पलेट वितरित किए गए। साथ ही, क्या करें एवं क्या न करें के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। प्राप्त सूचनाओं की मौका स्थल पर जाकर पुष्टि की गई। इस दौरान वन्य-जीव की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई तथा संबंधित टीमों द्वारा सतत प्रयास किए गए। रविवार (16 नवंबर) को देर रात्रि/सुबह तेंदुए का सफलतापूर्वक एवं सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।डीएफओ ने बताया कि मेडिकल टीम सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तेंदुए की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है। तेंदुए के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे सुरक्षित और उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की तैयारी की जाएगी। आम लोगों के साथ वन्यजीव की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम कार्रवाई निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार एवं उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि पिछले करीब 25 दिनों से छावनी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं। हालांकि, वन विभाग को मिल रही कई सूचनाओं को शुरुआत में अफवाह माना जा रहा था। लेकिन रविवार रात तेंदुए के पिंजरे में फंसने के बाद उसकी मौजूदगी की पुष्टि हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से वरुणा नदी के तटवर्ती इलाके में घूम रहा था और पालतू पशुओं को अपना शिकार बना रहा था। हालांकि, इस दौरान किसी इंसान पर हमले की सूचना नहीं मिली थी। तेंदुए की लगातार आवाजाही से क्षेत्र के लोग दहशत में थे। स्थानीय लोगों की चिंता और लगातार मांग के बाद वन विभाग ने सेंट मैरी स्कूल, बंगला नंबर 61 और पुराने चर्च के समीप जंगल वाले हिस्से में पिंजरे लगाए थे। बंगला नंबर 61 के पास तेंदुए के पंजों के ताजा निशान मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने यहां पिंजरा लगाया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे में बकरी भी बांधी गई थी। रविवार देर रात शिकार की तलाश में घूमता हुआ तेंदुआ पिंजरे में पहुंचा और उसमें कैद हो गया।खास बात यह है कि जिस स्थान पर तेंदुआ पकड़ा गया है, उससे करीब 500 मीटर के दायरे में जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के आवास भी स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में तेंदुए की मौजूदगी पिछले कई दिनों से सुरक्षा और चिंता का विषय बनी हुई थी। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद अब स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…