Live VNS

अलाव ताप रही महिला को वाहन ने रौंदा, मौत

अलाव ताप रही महिला को वाहन ने रौंदा, मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मीरजापुर, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में हलिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात घर के सामने अलाव ताप रही महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मजदूरी कर घर लौटे पति ने उसे सड़क किनारे तड़पता देख तुरंत निजी चिकित्सक के पास ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सोनगढ़ा गांव के झगरहा मुहल्ला निवासी रंजना (32) पत्नी दयाशंकर घर के सामने टिनशेड में पान-मसाले और गुटखा की छोटी दुकान चलाकर परिवार की आजीविका में सहयोग करती थीं। बीती रात रविवार काे वह घर के सामने अलाव तापते हुए पति का इंतजार कर रही थीं। पति करीब 10 किलोमीटर दूर भटवारी में राजमिस्त्री का काम करने गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया और रंजना सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ी रहीं।

कुछ देर बाद घर पहुंचे पति ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और निजी साधन से चिकित्सक के पास पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची हलिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला रंजना के चार पुत्र और एक पुत्री हैं।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पति की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन की तलाश के साथ जांच की जा रही है।

-------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…