मीरजापुर : कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मीरजापुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव में गुरुवार सुबह 22 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गांव निवासी रामललित यादव का पुत्र गोविंद यादव चार पहिया वाहन चलाकर परिवार का सहयोग करता था। परिजन के मुताबिक, बुधवार रात वह घर पहुंचा और खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पिता को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो गोविंद फंदे से लटका मिला। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक विजय यादव और विजय शंकर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ सदर जटाशंकर मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक को भी घटना की जानकारी दी गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। गोविंद चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसकी शादी नहीं हुई थी। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा