सहकारिता क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना : डॉ.प्रवीण सिंह जादौन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पहले राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ, लखनऊ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने हर्ष व्यक्त किया है।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्हाेंने कहा कि राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना उत्तर प्रदेश में सहकारिता के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। यह पहल प्रदेश के सहकारी आंदोलन को नई पहचान देने के साथ-साथ सहकारिता के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास, आर्थिक सशक्तीकरण और रोजगार सृजन के नए रास्ते खोलेगी। आने वाले समय में यह संस्थान उत्तर प्रदेश के सहकारी क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
डॉ. जादौन ने कहा कि लखनऊ के रहमान खेड़ा में स्थापित होने वाला यह संस्थान युवाओं को सहकारिता के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर क्राइम, कंप्यूटर मार्केटिंग एवं बैंकिंग जैसे आधुनिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का संचालन युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं एवं रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महाविद्यालय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगा तथा सहकारिता को शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त सहकारी व्यवस्था के निर्माण में अहम योगदान देगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन