सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट में पांच प्रमुख एआई डेवलपर्स के खिलाफ मुकदमा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
वाशिंगटन (अमेरिका), 13 नवंबर (हि.स.)। संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के प्रमुख शहर सैन फ्रांसिस्को की सुपीरियर कोर्ट में गैर-लाभकारी समूहों के एक गठबंधन ने गुरुवार को पांच प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) डेवलपर्स के खिलाफ मुकदमा दायर किया। इनका मकसद इन कंपनियों को एआई मॉडल विकसित करने से रोकना है। आरोप है कि इन कंपनियों ने जानबूझकर ऐसी तकनीक का निर्माण किया है, जो मानवता के लिए विनाशकारी जोखिम पैदा करती है।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह मुकदमा सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट में 'अलायंस फॉर सिक्योर एआई' ने दायर किया है। इसमें 'इरिप्लेसेबल एजुकेशन फंड', 'पब्लिक सिटीजन' और 'हीट इनिशिएटिव' जैसे वकालत करने वाले समूह भी शामिल हैं। मुकदमे में एंथ्रोपिक, गूगल, मेटा, ओपनएआई और स्पेसएक्सएसआई को नामजद किया गया है।
'अलायंस फॉर सिक्योर एआई' के सीईओ ब्रेंडन स्टीनहाउसर ने बयान में कहा, इनके अधिकारियों ने सालों से हमें चेतावनी दी है कि उनके अपने अत्याधुनिक मॉडल विनाशकारी जोखिम पैदा करते हैं। उन्होंने कहा, इसके बावजूद वे लगातार और भी अधिक शक्तिशाली एआई विकसित करने और उसे बाजार में उतारने की होड़ में लगे हैं। वे खुद मानते हैं कि वे इसे भरोसेमंद तरीके से नियंत्रित नहीं कर सकते। अब तो वे एआई के अनुसंधान और विकास का काम भी खुद एआई को ही सौंप रहे हैं।
मुकदमे में नामजद टेक कंपनियों ने टिप्पणी के अनुरोध पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया। यह कानूनी कार्रवाई एआई सुरक्षा को लेकर व्यापक चिंताओं के बीच सामने आई है। हाल ही में सार्वजनिक रूप से ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एआई एजेंट अनियंत्रित हो गए और उन्होंने बिना किसी अनुमति के काम किए।
गैर-लाभकारी समूहों का तर्क है कि एआई कंपनियां ऐसी तकनीक विकसित कर रही हैं, जिसे नियंत्रित न कर पाने की बात वे खुद स्वीकार कर चुकी हैं। मुकदमे के अनुसार, जैसे-जैसे ये कंपनियां भविष्य के प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए इनसानी दखल के बिना अपने ही एआई मॉडल पर अधिक निर्भर होती जाएंगी, यह जोखिम और भी बढ़ सकता है। इस प्रक्रिया को रिकर्सिव सेल्फ-इंप्रूवमेंट कहा जाता है।
मुकदमे में कहा गया है, प्रतिवादियों को पता है कि ये सिस्टम हमेशा उनके इरादों के मुताबिक काम नहीं करते हैं। साथ ही, प्रतिवादियों को यह भी पता है कि उनके एआई सिस्टम को नियंत्रित करने और उनसे होने वाले नुकसान को रोकने का कोई भरोसेमंद तरीका मौजूद नहीं है।
गैर-लाभकारी संगठनों ने एआई कंपनियों के अधिकारियों की उन पुरानी टिप्पणियों का भी जिक्र किया है, जिनमें उन्होंने अपनी तकनीक से होने वाले संभावित नुकसान को स्वीकार किया था। उदाहरण के लिए 2015 में ओपेनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा था कि एआई की वजह से संभवतः दुनिया का अंत हो सकता है। 2025 में ही एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो एमोडेई ने कहा कि इस बात की 25 फीसद संभावना है कि एआई के विकास से विनाशकारी परिणाम सामने आ सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, जैसे-जैसे उनकी तकनीक की सुरक्षा को लेकर जांच-पड़ताल बढ़ रही है, टेक लीडर्स ने सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया है। अक्टूबर में, ऑल्टमैन, एमोडेई और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क सहित एआई कंपनियों के प्रमुखों ने पूरे उद्योग में एआई के विकास की गति को धीमा करने का समर्थन किया। यह बात तब सामने आई जब एंथ्रोपिक के एक कर्मचारी ने कहा कि इस बात की 10 फीसद संभावना है कि एआई सभी इनसानों को खत्म कर सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद