Live VNS

वाराणसी : भाग्यलक्ष्मी वेबसाइट पर ऑनलाइन जुआ खेलते 17 लोग गिरफ्तार, 27 हजार नकदी और आठ मोबाइल बरामद, पुलिस और एसओजी टीम ने की छापेमारी

वाराणसी : भाग्यलक्ष्मी वेबसाइट पर ऑनलाइन जुआ खेलते 17 लोग गिरफ्तार, 27 हजार नकदी और आठ मोबाइल बरामद, पुलिस और एसओजी टीम ने की छापेमारी

BK Pathak ·

वाराणसी। ऑनलाइन लॉटरी के अंकों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ भेलूपुर पुलिस और एसओजी-2 की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने दशमी तिराहे के पास छापेमारी कर ऑनलाइन भाग्यलक्ष्मी वेबसाइट के माध्यम से जुआ खेल रहे 17 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से आठ मोबाइल फोन, चार कॉपियां, एक ब्लैक बोर्ड और 27,662 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 नवंबर को भेलूपुर पुलिस और एसओजी-2 की टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दशमी तिराहे के पास कुछ लोग मोबाइल फोन पर भाग्यलक्ष्मी वेबसाइट के जरिए लॉटरी के अंकों पर हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन जुआ खेल रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर एक साथ दबिश दी। वहां जुआ खेल रहे 17 लोगों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आठ मोबाइल फोन, चार कॉपियां और एक ब्लैक बोर्ड बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, कॉपियों और ब्लैक बोर्ड का इस्तेमाल जुए से संबंधित हिसाब-किताब रखने में किया जा रहा था। बरामद नकदी में 14,180 रुपये जुए की फड़ से और 13,482 रुपये आरोपितों की जामा तलाशी से मिले। इस तरह कुल 27,662 रुपये बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपितों में महेंद्र कुमार, राजीव कुमार, संतोष कुमार, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद अकरम, ओमप्रकाश पटेल, अजय कुमार, नंदलाल प्रजापति, दिलीप हरिजन, विवेक यादव, प्यारे लाल गौड़, बचाऊ राम, आशीष कुमार विश्वकर्मा, पवन कुमार, महेंद्र कनौजिया, दीपक सिंह और सोनू गौड़ शामिल हैं। इनमें अधिकांश वाराणसी के भेलूपुर, चितईपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि कुछ चंदौली, बलिया और अंबेडकरनगर के रहने वाले हैं।

इस मामले में भेलूपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0652/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई में भेलूपुर थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय और एसओजी-2 प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज सिंह चौहान सहित दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…