वाराणसी : देव दीपावली से पहले घाटों पर चला सफाई का महाअभियान, 40 अतिरिक्त कर्मचारियों ने संभाली कमान

वाराणसी। देव दीपावली के दीपोत्सव से पहले काशी के गंगा घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है। लाखों दीपों से जगमगाने वाले घाटों पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए सफाई व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। सुबह से ही नगर निगम के सफाईकर्मी घाटों की सीढ़ियों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों में जमा कूड़ा-कचरा हटाने में जुटे हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए करीब 35 से 40 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
नगर निगम की टीमें घाटों पर लगातार सफाई कर रही हैं, ताकि दीपोत्सव से पहले सभी प्रमुख घाट स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आएं। गंगा किनारे जमा कचरे को हटाने के साथ ही सीढ़ियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों की विशेष सफाई कराई जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी घाट पर कूड़े का ढेर जमा न होने पाए और सफाई कार्य में किसी तरह की लापरवाही न हो।
गौरतलब है कि देव दीपावली की तैयारियों के क्रम में महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने पूर्व में विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों की सफाई, कूड़ा उठान और बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए थे। इसके बाद से सफाई अभियान को और तेज कर दिया गया है।
मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आनंद कुमार और सफाई एवं खाद्य निरीक्षक शिवेश तिवारी के साथ सफाई सुपरवाइजर अनुजय सिंह, घनश्याम सिंह, विजेंद्र पाठक और बसंत कुशवाहा सफाई अभियान की निगरानी कर रहे हैं। इनके निर्देशन में कर्मचारी अलग-अलग घाटों पर सफाई कार्य में जुटे हैं।
भीड़ हटने के बाद रात में भी होगी सफाई
नगर निगम ने दीपोत्सव के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ के कारण दिन में लगातार सफाई के साथ ही रात में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। भीड़ कम होने के बाद घाटों पर जमा कूड़े का उठान और निस्तारण कराया जाएगा, ताकि अगले दिन घाट फिर से साफ-सुथरे दिखाई दें। इसके साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों से घाटों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि देव दीपावली का दीपोत्सव स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित घाटों के बीच संपन्न हो।