Live VNS

वाराणसी : दो बाइकों की भिड़ंत के बाद ट्रक ने युवती को कुचला, युवक घायल, रोहनिया में हाईवे पर हुआ हादसा

वाराणसी : दो बाइकों की भिड़ंत के बाद ट्रक ने युवती को कुचला, युवक घायल, रोहनिया में हाईवे पर हुआ हादसा

लाइव VNS डेस्क ·

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव के समीप बुधवार को नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा 22 वर्षीय युवक घायल हो गया। दो बाइकों के बीच टक्कर होने के बाद सड़क पर गिरी युवती को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया और युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के केवटाबीर गांव निवासी किशन यादव (22) अपने पड़ोस की परिचित शिवानी (18) के साथ बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। दोनों मोहनसराय की तरफ से अखरी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पंडितपुर गांव के पास हाईवे पर उनकी बाइक बगल से गुजर रही दूसरी बाइक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों के हैंडल आपस में भिड़ने से किशन बाइक पर नियंत्रण खो बैठे।

टक्कर के बाद किशन और शिवानी सड़क पर गिर पड़े। किशन सड़क के किनारे जा गिरे, जिससे उन्हें चोटें आईं, जबकि शिवानी सड़क के बीचोंबीच जा गिरी। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गया। ट्रक के पहियों के नीचे आने से शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल किशन को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश के साथ ही मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी शिवानी

हादसे में जान गंवाने वाली शिवानी तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। वह कक्षा 11 में पढ़ाई कर रही थी। परिवार की बड़ी बेटी होने के कारण सभी को उससे काफी उम्मीदें थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रोहनिया थाने पहुंच गए। बेटी की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कम उम्र में शिवानी की असमय मौत से केवटाबीर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों को इस दुखद घटना से गहरा सदमा लगा है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…