Live VNS

वाराणसी : डीजे की आवाज कम कराने पहुंचे सेना के हवलदार पर रॉड से हमला, सिर में लगे 10 टांके, मुकदमा दर्ज

वाराणसी : डीजे की आवाज कम कराने पहुंचे सेना के हवलदार पर रॉड से हमला, सिर में लगे 10 टांके, मुकदमा दर्ज

BK Pathak ·

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में डीजे की तेज आवाज कम कराने पहुंचे भारतीय सेना के हवलदार पर कुछ लोगों ने रॉड से हमला कर दिया। हमले में जवान का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनके सिर में करीब 10 टांके लगाए गए। घटना के बाद पीड़ित जवान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खजुरी गांव निवासी अशोक कुमार यादव भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह दिवाली मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए हैं। बताया गया कि उनके घर के पास स्थित नट बस्ती में कई दिनों से तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इससे आसपास के बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।

आरोप है कि रविवार देर शाम अशोक कुमार यादव डीजे की आवाज कम कराने के लिए वहां पहुंचे। इसी बात को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि जानू, लोका, मोनो, छन्नू, सुनील और अनिल समेत अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में जवान लहूलुहान होकर घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में करीब 10 टांके लगाए। इसके बाद पीड़ित जवान ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…