वाराणसी : ओटीएस का लाभ लेने के लिए 14 दिसंबर तक करें आवेदन, 15 जनवरी तक जमा करें संपत्तिकर

एक लाख भवन योजना के दायरे में, अब तक 33,906 भवन स्वामियों ने कराया पंजीकरण, 5,340 ने जमा किए 11.96 करोड़ रुपये
वाराणसी। नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत संपत्तिकर पर ब्याज में छूट पाने के लिए भवन स्वामियों के पास अब सीमित समय बचा है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र भवन स्वामी 14 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, ओटीएस के तहत बकाया संपत्तिकर जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
नगर निगम के अनुसार, इस योजना के दायरे में कुल एक लाख भवन शामिल किए गए हैं। अब तक 33,906 भवन स्वामियों ने ओटीएस के लिए आवेदन किया है। इनमें से 5,340 भवन स्वामियों ने अपने बकाये का भुगतान कर दिया है। इनसे नगर निगम के खाते में कुल 11.96 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। हालांकि, आवेदन करने वाले शेष भवन स्वामियों की ओर से अभी भुगतान किया जाना बाकी है।
नगर आयुक्त शाश्वत तिरुपुरी ने बताया कि बकायेदारों को समय पर कर जमा करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए एसएमएस, फोन कॉल और चैटबॉट के माध्यम से रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में बकाया संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें मकान और अन्य संपत्तियों की कुर्की जैसी विधिक कार्रवाई भी शामिल है।
नगर निगम ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना ओटीएस के तहत आवेदन कर बकाया कर जमा करें, ताकि ब्याज में छूट का लाभ मिल सके और संभावित कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।