Live VNS

वाराणसी : छह साल की उम्र में युवान ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, आवर्त सारणी को उल्टे क्रम में सुनाकर चौंकाया, एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि

वाराणसी : छह साल की उम्र में युवान ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, आवर्त सारणी को उल्टे क्रम में सुनाकर चौंकाया, एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि

BK Pathak ·

वाराणसी। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। काशी के छह वर्षीय बालक युवान नागेश श्रीवास्तव ने अपनी असाधारण स्मरण शक्ति और प्रतिभा के दम पर इस कहावत को सच कर दिखाया है। युवान ने महज छह वर्ष की उम्र में रासायनिक तत्वों की आवर्त सारणी (पीरियॉडिक टेबल) को क्रमवार और उल्टे क्रम में सुनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उनकी इस उपलब्धि को पांच राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड पुस्तकों में दर्ज किया गया है। इससे काशी का नाम देश-दुनिया में रोशन हुआ है।

सामनेघाट स्थित सनबीम एकेडमी में कक्षा दो के छात्र युवान ने अपनी विलक्षण प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया है। उनकी उपलब्धि को एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, वर्ल्ड एक्सीलेंस बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। इसके साथ ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए भी आवेदन किया गया है।

युवान की इस उपलब्धि पर असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें सम्मानित किया। राज्यपाल ने अपने हाथों से प्रमाणपत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभा की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इतनी कम उम्र में विज्ञान के जटिल विषय को याद रखने और उसे क्रमवार व विपरीत क्रम में प्रस्तुत करने की क्षमता को उन्होंने सराहनीय बताया।

युवान के पिता नागेश कुमार श्रीवास्तव मूल रूप से रामनगर के कोडोपुर गांव के निवासी हैं। वह वाराणसी जिला न्यायालय में आपराधिक मामलों के अधिवक्ता हैं और पूर्व में शिक्षक भी रह चुके हैं। उनकी मां जाह्नवी गौतम काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से कंप्यूटर विज्ञान में पीएचडी कर रही हैं। वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर में वैज्ञानिक के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।

युवान के परिवार में शिक्षा और अनुशासन का माहौल रहा है। उनके दादा रेलवे पुलिस बल में डीएसपी-रेल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। परिवार का कहना है कि युवान की इस सफलता के पीछे उसकी विज्ञान में रुचि, निरंतर अभ्यास, असाधारण स्मरण शक्ति और परिजनों का प्रोत्साहन है। परिवार अब उसकी प्रतिभा को और निखारने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास कर रहा है। युवान की इस उपलब्धि से परिवार के साथ काशीवासियों में भी खुशी है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…