Live VNS

वाराणसी : सहजन के पेड़ से टकराई बुलेट, सिपाही की मौत, महकमे में शोक

वाराणसी : सहजन के पेड़ से टकराई बुलेट, सिपाही की मौत, महकमे में शोक

BK Pathak ·

वाराणसी। सारनाथ रेलवे स्टेशन के पीछे मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बुलेट सवार पुलिसकर्मी महेश कुमार (25) की मौत हो गई। उनकी बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सहजन के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह सारनाथ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आजमगढ़ के गढ़वल निवासी महेश कुमार वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात थे। वह वर्ष 2018 बैच के पुलिसकर्मी थे और मंडलायुक्त की एस्कॉर्ट ड्यूटी में भी तैनात रहते थे। मंगलवार रात करीब एक बजे वह अपनी बुलेट से फरीदपुर रिंगरोड की ओर से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान स्टेशन के पीछे उनकी बुलेट अनियंत्रित होकर सहजन के पेड़ से टकरा गई। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए। रात में सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी अमरजीत कुमार उन्हें उपचार के लिए पंडित दीनदयाल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि महेश कुमार वर्ष 2018 बैच के पुलिसकर्मी थे। परिवार में तीन भाई और दो बहनें हैं। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्घटना की जानकारी लेने के साथ सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच की।

पुलिस आयुक्त और मंडलायुक्त ने दिया कंधा

महेश कुमार के निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को पुलिस लाइन में उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान अधिकारियों ने दिवंगत सिपाही को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। पुलिस आयुक्त ने दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…