वाराणसी : रेस्टोरेंट में निवेश के नाम पर व्यापारी से 14.47 लाख की ठगी, रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी

मुनाफे में हिस्सेदारी का झांसा देकर खाते में कराए रुपये ट्रांसफर, भेलूपुर थाने में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
वाराणसी। रेस्टोरेंट कारोबार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यापारी से करीब 14.47 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर भेलूपुर पुलिस ने अमन चंद और गगन खोंसला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के पयागपुर निवासी पीड़ित राहुल पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह पतंजलि का मेगा स्टोर चलाते हैं। वर्ष 2025 में उनकी मुलाकात अमन चंद से हुई थी। अमन ने खुद को बड़ा व्यापारी बताते हुए उन्हें रेस्टोरेंट कारोबार में निवेश करने का प्रस्ताव दिया। उसने खड़ग सिंह दा ढाबा नामक रेस्टोरेंट में पूंजी लगाने के बदले मुनाफे में हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया। अमन ने नोटरी कराने के बहाने उनसे मूल स्टांप पेपर भी ले लिया, जिसे बाद में वापस नहीं किया।
पीड़ित के अनुसार, 25 जनवरी 2026 से 29 जून 2026 के बीच उन्होंने अपने बैंक खाते से कुल 14 लाख 47 हजार 500 रुपये ट्रांसफर किए। इसमें से 2 लाख 60 हजार 500 रुपये गगन खोंसला के खाते में और 11 लाख 87 हजार रुपये अमन चंद के बैंक खाते में भेजे गए। रकम मिलने के बाद अमन ने फोन उठाना बंद कर दिया। काफी प्रयासों के बाद 11 अक्टूबर को संपर्क होने पर उसने मुनाफा देने से साफ इनकार कर दिया। राहुल ने जब अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने अभद्रता और गाली-गलौज की। साथ ही पैसे भूल जाने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह को मामले की विवेचना सौंपी गई है।