वाराणसी : भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान की बदहाली पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, परिवार की मदद की मांग

वाराणसी। भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की विरासत और उनके परिवार की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान के संरक्षण और परिवार को आर्थिक एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही शहर के सड़क डिवाइडरों पर लगाए जा रहे कमल के फूल के प्रतीक को हटाकर काशी की संस्कृति से जुड़े डमरू या त्रिशूल लगाने की मांग भी उठाई।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पत्रक में बताया कि पिछले दिनों सामाजिक कार्यकर्ताओं और महानगर कांग्रेस के सदस्यों ने हड़हा स्थित भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान का दौरा कर उनके परिजनों से मुलाकात की थी। इस दौरान मकान की जर्जर स्थिति और परिवार की आर्थिक बदहाली सामने आई। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, परिवार के सामने जीविका चलाने तक का गंभीर संकट है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ने अपनी पूरी जिंदगी गंगा-जमुनी तहजीब और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित कर दी। ऐसे महान कलाकार और भारत रत्न से सम्मानित विभूति के परिवार की यह स्थिति प्रशासनिक उपेक्षा को दर्शाती है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तत्काल पहल करते हुए पुश्तैनी मकान के संरक्षण और परिवार की सहायता के लिए ठोस कदम उठाए।
वहीं, दूसरे मुद्दे पर कांग्रेस ने शहर के सड़क डिवाइडरों पर आधुनिक लाइटों के साथ कमल के फूल की आकृति लगाए जाने पर आपत्ति जताई। नेताओं का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले इस तरह के प्रतीकों का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप डिवाइडरों पर भगवान शिव के प्रतीक डमरू या त्रिशूल लगाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से दोनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।