वाराणसी : गोपाष्टमी पर नागा बाबा आश्रम में हुआ गौ पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की गई आरती

वाराणसी। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को असि स्थित प्राचीन नागा बाबा आश्रम में जागृति फाउंडेशन के तत्वावधान में गौ माता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौ माता और उनकी बछिया का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। पूजन के बाद गौ माता को गुड़, चना, केला, लड्डू और हरा चारा खिलाया गया। इसके बाद भव्य आरती कर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी अजय कुमार मिश्र एवं उनकी पत्नी प्रेमलता मिश्र, जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र तथा जनसंघ के युवा नेता राघवेंद्र पांडेय ने विधि-विधान से पूजन किया। आचार्य धीरज कुमार मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर रामयश मिश्र ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और सभ्यता की आधारशिला है। धार्मिक मान्यता के अनुसार गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का निवास होता है। ऐसे में गौ सेवा और पूजन को सभी देवी-देवताओं की आराधना के समान माना गया है।
राघवेंद्र पांडेय ने कहा कि सनातन संस्कृति में गाय का विशेष स्थान है। गाय हमारी संस्कृति, सभ्यता और सनातन धर्म की पहचान है। वहीं, आचार्य धीरज कुमार मिश्र ने कहा कि भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए गौ माता की रक्षा, सेवा और पालन-पोषण आवश्यक है। कार्यक्रम में मंजू मिश्रा, डॉ. बीरबल पांडेय, पवन, रामयश मिश्र, धीरज कुमार मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।