Live VNS

वाराणसी : ब्रेक फेल होने से डिवाइडर पर चढ़ा हाईवा, पीछे से ट्रक की टक्कर, तीन घायल, हाईवे पर लगा जाम

वाराणसी : ब्रेक फेल होने से डिवाइडर पर चढ़ा हाईवा, पीछे से ट्रक की टक्कर, तीन घायल, हाईवे पर लगा जाम

BK Pathak ·

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नुवाव के पास गुरुवार शाम हाईवे पर ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। मोहनसराय से रामनगर की ओर जा रहा हाईवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक हाईवा से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों को रोहनिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।

हाईवा मोहनसराय से रामनगर की ओर जा रहा था। शाम को नुवाव के पास पहुंचते ही अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने हाईवा को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हाईवा के अचानक सड़क पर रुकने से पीछे से आ रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और ट्रक सीधे हाईवा में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद हाईवे पर लगी वाहनों की कतार

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों वाहनों के सड़क पर खड़े होने से हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया।

क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

सूचना मिलने पर लंका पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। एनएचएआई के कर्मचारियों को बुलाकर क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि नुवाव के पास हाईवा का ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ। पीछे से ट्रक टकराने के कारण तीन लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…