Live VNS

वाराणसी : संविधान दिवस पर एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर किया जागरूक, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

वाराणसी : संविधान दिवस पर एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर किया जागरूक, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

BK Pathak ·

वाराणसी। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को आशा ट्रस्ट की ओर से सेवापुरी क्षेत्र के करधना गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने करधना बाजार में करीब एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर भारतीय संविधान के महत्व, नागरिकों के अधिकारों और मूल कर्तव्यों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गांव स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और संविधान के आदर्शों की रक्षा के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों और ग्रामीणों ने संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और गौरव का अवसर है। संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का आधार है। इसमें निहित लोकतांत्रिक और मानवीय मूल्यों की रक्षा करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संविधान महज कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार और समान अवसरों की गारंटी है। इसलिए जरूरी है कि लोग संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ अपने मूल कर्तव्यों को भी समझें और उसके आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारें।

कार्यक्रम में धनेसरा देवी बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य निशा देवी, डिस्कवरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अवधेश पटेल, ब्लॉसम पब्लिक स्कूल करधना के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सहित संजय पटेल, रविन्द्र, कैकसा बानो, लीलावती, रामरत्ती, मालती, मीना, अनीता, सीमा, मधुबाला, सर्वेश कुमार, सुनीता, आशा, मनीषा और सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिहाड़ी मजदूर यूनियन के संयोजक रामबचन राय ने किया। अध्यक्षता अनीता पटेल ने की, जबकि मनीषा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…