वाराणसी : संविधान दिवस पर जनहित संकल्प पार्टी का स्थापना दिवस समारोह कल, रोहनिया में जुटेंगे कार्यकर्ता

वाराणसी। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर जनहित संकल्प पार्टी अपना प्रथम स्थापना दिवस समारोह 26 नवंबर को मनाएगी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कुरौता स्थित सरदार पटेल तालाब पर सुबह 11 बजे आयोजित समारोह में हजारों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, समर्थकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सरदार सेना के संस्थापक डॉ. आरएस पटेल ने कहा कि जनहित संकल्प पार्टी सरदार सेना के लंबे सामाजिक संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय की विचारधारा का राजनीतिक स्वरूप है। पार्टी की स्थापना सामाजिक आंदोलन को राजनीतिक शक्ति में बदलकर व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़े, वंचित और अल्पसंख्यक समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, आरक्षण, जातीय जनगणना, समान शिक्षा और युवाओं को रोजगार दिलाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
वहीं, रोहनिया विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी राजेश भाई पटेल ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मोहनसराय-बैरवन ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना सहित भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में किसानों को उचित मुआवजा, पारदर्शी मूल्यांकन और पुनर्वास का अधिकार मिलना चाहिए। वर्षों पुराने मूल्यांकन के आधार पर मुआवजे को लेकर बनी असहमति का समाधान जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किसानों की जमीन और अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही सिंचाई, कृषि सुविधाओं के विस्तार, फसलों का उचित मूल्य और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगे। समारोह में संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, आरक्षण और युवाओं के अधिकारों पर चर्चा के साथ जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प लिया जाएगा। पार्टी ने क्षेत्रवासियों और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।