Live VNS

वाराणसी : डाला छठ को लेकर रूट डायवर्जन, कई इलाकों में नहीं जाएंगे वाहन, भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री, जानिये पुलिस का ट्रैफिक प्लान

वाराणसी : डाला छठ को लेकर रूट डायवर्जन, कई इलाकों में नहीं जाएंगे वाहन, भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री, जानिये पुलिस का ट्रैफिक प्लान

BK Pathak ·

वाराणसी। डाला छठ के दौरान वाराणसी में गंगा किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में यातायात व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस ने गंगा किनारे वाले इलाकों में रूट डायवर्जन लागू किया है। वहीं वाहनों के लिए नो-एंट्री भी लागू रहेगी। गैरजनपदों और अन्य स्थानों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी की गई है। रूट डायवर्जन 15 नवंबर को 12 बजे से 16 नवंबर को 3 बजे तक प्रभावी रहेगा।

15 को रूट डायवर्जन

रामापुरा चौराहा से किसी भी प्रकार के वाहनों को गोदौलिया की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। छठ पूजा से सम्बन्धित वाहनों को मजदा टॉकीज/सनातन धर्म इण्टर कॉलेज की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा जो वहां पर अपने वाहनों को पार्क करेंगे।

बेनिया तिराहा से किसी प्रकार के वाहनों को रामापुरा चौराहा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को बेनिया पियरी रोड पर डायवर्ट कर दिया जाएगा। छठ पूजा से सम्बन्धित वाहनों को बेनिया पार्किंग में पार्क करेंगे।

मैदागिन चौराहा से किसी भी प्रकार के वाहनों को गोदौलिया चौराहा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। छठ पूजा से सम्बन्धित वाहन हरिश्चन्द्र पीजी कॉलेज के सामने एवं टाउनहॉल पार्किंग में पार्क करेंगे।

गोदौलिया चौराहा से किसी भी प्रकार के वाहन को दशाश्वमेध घाट, राजेन्द्र प्रसाद घाट, शीतलाघाट व अन्य समीपवर्ती घाटों की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

सोनारपुरा तिराहा से किसी भी प्रकार के वाहन को गोदौलिया की तरफ नहीं जाने दिया जायेगा। इन वाहनों को भेलूपुर की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।

बैंक आफ बड़ौदा तिराहा से किसी प्रकार के वाहन को अस्सी चौराहा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को रविन्द्रपुरी की तरफ डायवर्ट कर दिया जायेगा, जो इस मार्ग से अपने गन्तव्य को जाएंगे।

भदऊ चुंगी तिराहा से किसी प्रकार के वाहन को भैंसासुर घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा, न ही किसी वाहन को तिराहा के आस-पास रोड पर खड़ा करने दिया जाएगा। छठ पूजा से सम्बन्धित वाहनों को आस-पास के निर्धारित पार्किंग की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा, जो निर्धारित पार्किंग में अपने वाहनों को पार्क करेंगे।

राजघाट पुल तिराहा से किसी प्रकार के वाहन को नमो घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। छठ पूजा से सम्बन्धित वाहनों को दाहिने तरफ काशी स्टेशन पानी टंकी मैदान पार्किंग की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।

सूजाबाद पुलिस चौकी से किसी प्रकार के वाहनों को राजघाट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। उक्त वाहनों को पड़ाव से रामनगर की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।

छठ पूजा में आने वाले ट्रैक्टर ट्राली, मालवाहक एवं बस विश्वसुंदरी पुल के बगल से होते हुए गंगा घाट की तरफ जा सकेंगे तथा विश्व सुंदरी पुल के नीचे मैदान में अपने वाहनों को पार्क करेंगे परन्तु विश्व सुंदरी पुल से मुरारी चौक व सामने घाट को नहीं जा सकेंगे।

रामनगर की तरफ से छठ पूजा में आने वाले ट्रैक्टर ट्राली, मालवाहक, बस, शास्त्री चौक से पुल से होते हुए सामने घाट की तरफ नहीं आ सकेंगे। उक्त वाहन पुल के बाएं बने रास्ते से होते हुए गंगा घाट को जा सकेंगे। सामने घाट तिराहा से मुरारी चौक की तरफ आने वाले वाहन जज गेस्ट हाउस के सामने खाली मैदान, सुरर पटेल का खाली प्लाट व सनबीम, सामने घाट स्कूल के बगल में स्थित कृष्णा वाटिका में पार्क होंगे।

बिहार से आने वाली प्राइवेट बस मुरारी चौक स्थित बस स्टैंड में न जाकर उक्त दिन यह बस स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल के सामने खाली मैदान में खड़ी होंगी। वहीं पर सवारी को पिक एंड ड्रॉप करेगी।

बरेका में सूर्य सरोवर के आस-पास किसी प्रकार के वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।

अम्बेडकर चौराहा से किसी प्रकार के वाहन को शास्त्री घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा और न ही इन वाहनों को चौराहा के आस-पास खड़ा होने दिया जाएगा। इन वाहनों को कचहरी/जेपी मेहता की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। छठ पूजा से सम्बन्धित वाहन कचहरी के पीछे जेपी मेहता रोड पर पार्क करेंगे।

15 नवंबर को नो-एंट्री

15 नवंबर को सूर्य षष्ठी (डाला छठ) पूजा में सम्मिलित होने वाले महिलाओं, पुरुष एवं बच्चों की सुरक्षा एवं यातायात की सुगमता के दृष्टिगत वाराणसी नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के नो इंट्री में छूट का समय रात्रि 23.00 बजे से प्रातः 02.00 बजे तक अनुमन्य रहेगा तथा प्रातः 02.00 बजे के बाद वाराणसी नगर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

ट्रैफिक कंट्रोल रूम ✆ +917839856994

ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर ✆ +917317202020

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…