Live VNS

वाराणसी : हॉस्टल में प्रताड़ना से परेशान थी छात्रा, सुसाइड नोट में शिक्षक और वार्डेन पर लगाए आरोप, पिता बोले- स्कूल जाने से डरती थी बेटी

वाराणसी : हॉस्टल में प्रताड़ना से परेशान थी छात्रा, सुसाइड नोट में शिक्षक और वार्डेन पर लगाए आरोप, पिता बोले- स्कूल जाने से डरती थी बेटी

BK Pathak ·

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के शिवप्रसाद गुप्त कॉलोनी स्थित ज्ञानदीप एकेडमी के हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में शिक्षक और वार्डेन की भूमिका सवालों के घेरे में है। हॉस्टल के कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने शिक्षक और वार्डेन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक शैलेंद्र कुमार यादव और वार्डेन प्रीति मिश्रा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बिहार के गोपालगंज जिले के बैजलहां गोपालपुर निवासी छात्रा विद्यालय के हॉस्टल में रहकर कक्षा सात में पढ़ती थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे वह हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। आवाज सुनकर निजी सुरक्षाकर्मी की नजर उस पर पड़ी तो उसने तत्काल स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। छात्रा को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुसाइड नोट में मानसिक प्रताड़ना का जिक्र

पुलिस को हॉस्टल के कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने शिक्षक शैलेंद्र कुमार यादव और वार्डेन प्रीति मिश्रा पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। नोट में हॉस्टल में नहीं रह पाने और कथित प्रताड़ना से परेशान होने की बात लिखी गई है। छात्रा ने अपने भाई और परिवार के सामने भी कई बार हॉस्टल में नहीं रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।

पिता बोले- स्कूल जाने की बात पर सहम जाती थी बेटी

छात्रा के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह महीने पहले ही बेटी का विद्यालय में दाखिला कराया था। वह हॉस्टल की चौथी मंजिल पर तीन अन्य छात्राओं के साथ रहती थी। छठ पूजा के बाद मंगलवार को ही वह बिहार स्थित घर से हॉस्टल लौटी थी। घर पर वह सामान्य थी, लेकिन स्कूल जाने की बात कहने पर सहम जाती थी। मां से विद्यालय में प्रताड़ित किए जाने की शिकायत भी करती थी।

पिता जयपुर में रहकर काम करते हैं, जबकि मां बिहार में रहती हैं। छात्रा का छोटा भाई भी विद्यालय की चितईपुर शाखा में कक्षा छह में पढ़ता है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन वाराणसी पहुंचे। पिता ने शिक्षक और वार्डेन को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की।

मां ने स्कूल प्रबंधन पर सूचना नहीं देने का लगाया आरोप

छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि 19 नवंबर की सुबह करीब छह बजे हॉस्टल की वार्डेन ने फोन कर बेटी की तबीयत खराब होने और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती होने की जानकारी दी। जब वह अस्पताल पहुंचीं तो बेटी की मौत हो चुकी थी। उनका कहना है कि विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें सीधे घटना की जानकारी नहीं दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी, एसीपी भेलूपुर और लंका थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि पिता की तहरीर पर शिक्षक और वार्डेन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। विद्यालय प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल सका।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…