Live VNS

वाराणसी : 250 साल पुराने पंचमुखी हनुमानगढ़ी मंदिर को मिलेगा भव्य स्वरूप, कैबिनेट मंत्री ने किया भूमि पूजन

वाराणसी : 250 साल पुराने पंचमुखी हनुमानगढ़ी मंदिर को मिलेगा भव्य स्वरूप, कैबिनेट मंत्री ने किया भूमि पूजन

BK Pathak ·

वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 स्थित परमानंदपुर में करीब 250 वर्ष पुराने प्राचीन श्री श्री 1008 पंचमुखी हनुमानगढ़ी मंदिर के कायाकल्प की पहल शुरू हो गई है। आल्हा-काल्हा पोखरा के समीप स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर के नवनिर्माण और सुंदरीकरण कार्य का शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की इस पहल से क्षेत्र के लोगों में उत्साह है।

मंदिर के मुख्य संरक्षक एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने वैदिक विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की नींव रखी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मंदिर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और इसे भव्य स्वरूप प्रदान करने का संकल्प लिया।

क्षेत्रवासियों के अनुसार, पंचमुखी हनुमानगढ़ी मंदिर करीब ढाई सौ वर्षों से लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यह मंदिर केवल धार्मिक गतिविधियों का स्थल नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है। लंबे समय से मंदिर के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब नवनिर्माण की पहल शुरू होने से लोगों में खुशी है।

मंदिर के विकास कार्य में ग्रामीण भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार घर-घर से आर्थिक सहयोग जुटाने की पहल की है, ताकि सामूहिक सहभागिता से मंदिर को आकर्षक और भव्य स्वरूप दिया जा सके। ग्रामीणों ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्य में सहयोग करने की अपील की।

भूमि पूजन कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष विनय पटेल, उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, रवि सिंह राजपूत और दिलीप कुमार सिंह, महासचिव अरविंद पटेल, मूलचंद पटेल, सचिन, रोहित पटेल एवं प्रेम पटेल उपस्थित रहे। इसके अलावा कोषाध्यक्ष डॉ. श्याम बली पटेल, संयुक्त सचिव रितेश पटेल, विवेक पटेल और अनिल पटेल सहित समिति के सदस्य कन्हैया लाल पटेल, मदन पटेल, अमरजीत पटेल, रामबली सिंह, सतीश पटेल, सत्यम पटेल, संदीप मौर्य, शुभम पटेल और रिंकू पटेल समेत सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…