Live VNS

वाराणसी : पुष्कर तालाब पर 2100 दीपों से दी जाएगी काशी की विभूतियों को श्रद्धांजलि, देव दीपावली पर वेदपाठी बटुक करेंगे भव्य आरती, कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल

वाराणसी : पुष्कर तालाब पर 2100 दीपों से दी जाएगी काशी की विभूतियों को श्रद्धांजलि, देव दीपावली पर वेदपाठी बटुक करेंगे भव्य आरती, कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल

BK Pathak ·

वाराणसी। देव दीपावली पर अस्सी स्थित पुष्कर तालाब काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीपों से रोशन होगा। मंगलवार, 24 नवंबर को आयोजित होने वाले इस विशेष दीपदान कार्यक्रम में भारतरत्न पंडित मदन मोहन मालवीय सहित काशी की कला, संस्कृति, संगीत और पर्यावरण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस दौरान पुष्कर तालाब स्थित भगवान ब्रह्मा की वेदपाठी बटुकों द्वारा भव्य आरती भी की जाएगी।

कार्यक्रम के संयोजक रामयश मिश्र ने बताया कि जागृति फाउंडेशन, शिवाजी नगर कॉलोनी, सामने घाट स्थित स्वामीनारायणानंद तीर्थ वेद विद्यालय और ब्रह्मा वेद विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में देव दीपावली समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें काशी की विभूतियों की स्मृति में दीपदान कर उनके योगदान को याद किया जाएगा।

जिन विभूतियों को दीपदान के माध्यम से श्रद्धांजलि दी जाएगी, उनमें भारतरत्न पंडित मदन मोहन मालवीय, पद्मभूषण स्वर्गीय गिरिजा देवी, पर्यावरणविद् स्वर्गीय वीरभद्र मिश्र, पंडित किशन महाराज, शहनाई सम्राट उस्ताद बिस्मिल्लाह खां, पंडित छन्नूलाल मिश्र, स्वर्गीय पंडित जगन्नाथ त्रिपाठी, स्वर्गीय पंडित शारदा प्रसाद मिश्र, पंडित त्रिभुवन नाथ मिश्र और केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय वागीश दत्त मिश्र शामिल हैं।

समारोह के मुख्य अतिथि काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष आचार्य पंडित अशोक द्विवेदी होंगे। विशिष्ट अतिथियों में लोक भूषण सम्मान से सम्मानित डॉ. जयप्रकाश मिश्रा, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के धर्म विज्ञान संकाय के वेद विभाग के प्रोफेसर उपेंद्र कुमार त्रिपाठी, ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी के सचिव शैलेश त्रिपाठी, भागवत संस्कृत महाविद्यालय के अध्यापक वरुणेश चंद्र दीक्षित और समाजसेवी अजय कुमार मिश्रा शामिल रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचीन शीतलदास अखाड़ा के उत्तराधिकारी शिष्य स्वामी रामशरण दास महाराज करेंगे।

रामयश मिश्र ने बताया कि दीपदान के साथ वेदपाठी बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान ब्रह्मा और पुष्कर तालाब की आरती की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य काशी की गौरवशाली परंपरा और महान विभूतियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…