वाराणसी : सड़क हादसों में दो की मौत, पिंडरा में डंपर के खलासी और फूलपुर में ऑटो चालक की गई जान

वाराणसी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में डंपर के खलासी और ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पिंडरा बाईपास पर ट्रेलर, अर्टिगा कार और डंपर की भिड़ंत में डंपर का खलासी सड़क पर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रेलर और कार के चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, फूलपुर के गजोखर गांव के पास अनियंत्रित ऑटो बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में चालक की जान चली गई।
पिंडरा में तीन वाहनों की भिड़ंत, खलासी की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाईपास पर कथौली मोड़ के पास गुरुवार शाम करीब छह बजे जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रहे ट्रेलर के सामने अचानक अर्टिगा कार आ गई। दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहा डंपर अनियंत्रित होकर ट्रेलर से भिड़ गया। टक्कर के दौरान डंपर का खलासी सड़क पर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अर्टिगा कार और ट्रेलर के चालक भी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। ट्रेलर चालक को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय और कार चालक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा भेजा गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।
बिजली के पोल से टकराया ऑटो, चालक की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर गांव के पास बुधवार देर रात अनियंत्रित ऑटो बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में ऑटो चालक श्रीराम सिंह उर्फ शेखर (57) की मौके पर ही मौत हो गई। वह वाराणसी स्टेशन से एक परिचित को छोड़कर घर लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी मौत से पत्नी मधुबाला का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।