Varanasi Weather: वाराणसी में ठंडी हुईं रातें, मौसम में तेजी से बदलाव, जानिये आगे के मौसम का हाल

वाराणसी। काशी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। छठ पर्व के बीच रात की ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार रात का न्यूनतम तापमान करीब पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। रात का तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 31 डिग्री के आसपास बना हुआ है। शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। हवा में नमी का स्तर भी 80 फीसदी तक दर्ज किया गया।
दो दिन बाद और बढ़ेगी ठंड, कोहरा भी छाएगा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों के बाद तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके चलते रात में ठंड और बढ़ेगी। सुबह के समय कोहरा भी छा सकता है। तापमान में गिरावट के साथ मौसम में ठंड का असर और तेज होने के आसार हैं।