Varanasi Weather: दिन में तेज धूप से चढ़ा वाराणसी का पारा, कोहरे का अलर्ट, जानिये अगले सात दिनों के मौसम का हाल

वाराणसी। काशी में ठंड बढ़ने की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम के तापमान में अचानक बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में एक दिन के भीतर 2.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो गुरुवार के मुकाबले ढाई डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर से ग्रामीण इलाकों में कोहरे का प्रभाव दिखाई दे सकता है।
वाराणसी में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इस दौरान हवा चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि वातावरण में नमी 80 फीसदी तक बनी रही।
मौसम में आए इस बदलाव के बीच उत्तर प्रदेश आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को काशी के आसपास के जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इसका असर वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की जरूरत है।