Varanasi Weather: दिन में धूप से गर्माहट, रात में ठंड, 18 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान

वाराणसी। मौसम में बदलाव के साथ ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को वाराणसी का तापमान अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले दिनों की तुलना में रात के तापमान में गिरावट से सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ा है। हालांकि दोपहर में धूप निकलने के कारण लोगों को अभी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिल रही है। मौसम में यह उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन के तापमान में भी कमी आएगी। इसके साथ ही सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छाने के आसार हैं। हालांकि दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव के बीच सुबह और देर रात घर से निकलने वाले लोगों को हल्के गर्म कपड़े पहनने की जरूरत महसूस होने लगी है।