Live VNS

वाराणसी : हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने महिला को रौंदा, मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा

वाराणसी : हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने महिला को रौंदा, मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा

BK Pathak ·

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत लठिया हाईवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सड़क पार कर रही 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।

लठिया निवासी घूरेलाल की पत्नी सुगरा देवी (45) रविवार शाम करीब छह बजे हाईवे पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक को लेकर घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

उधर, हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों और महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे तथा आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग उठाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। अचानक हुए चक्का जाम से हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह और अखरी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने उन्हें उचित कार्रवाई और मांगों पर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हुआ।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…