वाराणसी : घर में चल रही थी तिलक की तैयारी, लापता हुई युवती, दो लाख नकदी और गहने भी गायब

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटी की शादी की तैयारियों के बीच युवती अचानक घर से लापता हो गई। वहीं तिलक के लिए घर में रखे दो लाख रुपये और आभूषण भी गायब हैं। 26 नवंबर को तिलक की रस्म होनी थी। युवती के पिता का आरोप है कि बिहार के सिवान निवासी एक युवक उनकी बेटी को बहलाकर अपने साथ ले गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, युवती 12 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे अचानक घर से लापता हो गई। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता लगाया गया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने पुलिस से गुहार लगाई।
दो स्थानीय व्यक्तियों की मिलीभगत का भी आरोप
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में पिता ने आरोप लगाया है कि चौबेपुर थाना क्षेत्र के दो व्यक्तियों की मिलीभगत से बिहार के सिवान निवासी आदित्य निषाद उनकी बेटी को बहलाकर अपने साथ ले गया है। पिता के अनुसार, बेटी की शादी तय हो चुकी थी और 26 नवंबर को तिलक की रस्म होनी थी। इसके लिए घर में दो लाख एक हजार रुपये नकद रखे गए थे।
आरोप है कि युवती घर से सोने की दो अंगूठियों के अलावा नाक, कान और गले के आभूषण भी अपने साथ ले गई है। बेटी के अचानक लापता होने और शादी के लिए जुटाई गई नकदी व जेवर गायब होने से परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शादी की तैयारियां भी प्रभावित हो गई हैं।
पुलिस टीम कर रही युवती की तलाश
पीड़ित पिता ने 13 नवंबर को चौबेपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवती की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।