वाराणसी : हाईवे पर बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर, ट्रामा सेंटर में भर्ती

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव स्थित बंगला चट्टी के पास रविवार को नेशनल हाईवे पर अज्ञात बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेजा। पुलिस दुर्घटना में शामिल बस की पहचान करने में जुटी है।
मऊ जिले के मधुबन निवासी अमित राजभर (26) प्रयागराज में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। वह मिर्जामुराद क्षेत्र के बंगला चट्टी के पास पहुंचे थे, तभी हाईवे पर एक अज्ञात बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अमित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से वाराणसी के ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घायल के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी है।
थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बस की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हाईवे और आसपास के मार्गों पर लगे कैमरों की मदद से बस के नंबर और उसके आने-जाने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। बस की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।