Live VNS

वाराणसी : अपराध पर जीरो टॉलरेंस, महिला अपराधों में तत्काल FIR, नवागत पुलिस आयुक्त किरण एस ने मीटिंग में मातहतों को दिए निर्देश

वाराणसी : अपराध पर जीरो टॉलरेंस, महिला अपराधों में तत्काल FIR, नवागत पुलिस आयुक्त किरण एस ने मीटिंग में मातहतों को दिए निर्देश

BK Pathak ·

वाराणसी। नवागत पुलिस आयुक्त किरण एस. ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध किरीट राठोड सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने गूगल मीट के माध्यम से कमिश्नरेट के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और साइबर सेल प्रभारी के साथ परिचयात्मक बैठक की। इसमें उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। महिला संबंधी अपराधों में किसी भी माध्यम से सूचना मिलने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अनिवार्य रूप से मुकदमा दर्ज किया जाए। चौकी या थाने में सूचना मिलने के बाद कार्रवाई में देरी अथवा किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और ऐसे अपराधों में शामिल अभ्यस्त अपराधियों को चिह्नित कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थों और सिंथेटिक ड्रग्स की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहे, बल्कि इनके डीलरों, निर्माताओं और संगठित गिरोहों के पूरे नेटवर्क को चिह्नित कर ध्वस्त किया जाए।

विवेचनाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए पुलिस आयुक्त ने जघन्य अपराधों की विवेचना 90 दिन और सामान्य अपराधों की विवेचना 60 दिन के भीतर पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया। न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक अभियुक्तों को सजा दिलाने के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक में गैर-जमानती वारंट के निष्पादन और वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। डायल-112 से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई और गंभीर घटनाओं में थाना एवं चौकी प्रभारियों से फीडबैक लेकर समीक्षा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की प्रतिदिन जांच कर उनकी स्थिति जनरल डायरी में दर्ज करने तथा यक्ष ऐप की नियमित मॉनीटरिंग करने को कहा। गंभीर आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को जवाबदेही, संवेदनशीलता और पूर्ण निष्ठा के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कमिश्नरेट में पारदर्शी, प्रभावी और जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…