Live VNS

सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नूंह, 22 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों के साथ ठगी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नूंह पुलिस ने जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार साइबर अपराधियों पर नजर रखकर कार्रवाई कर रही हैं। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पुनहाना और पिनगवां क्षेत्र के दो युवक सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर अपनी पहचान छिपाते हैं और लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने दोनों स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पहले मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुनैद निवासी हाजीबास मुंढेता, थाना पिनगवां के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने राहिल खान निवासी चंद्राका, थाना सदर पुनहाना को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर पोर्टल पर अलग-अलग शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल के जरिए कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और ठगी की रकम किन-किन खातों या माध्यमों से भेजी गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…