Live VNS

रामायण फिल्म में रावण को शोषितों का उद्धारक बताना हिंदू जनमानस की भावनाओं पर प्रहार : मिलिंद परांडे

रामायण फिल्म में रावण को शोषितों का उद्धारक बताना हिंदू जनमानस की भावनाओं पर प्रहार : मिलिंद परांडे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। रामायण फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की मूल कथा के साथ छेड़छाड़ कर काल्पनिक घटनाएं जोड़ने और महत्वपूर्ण प्रसंगों को हटाने से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। फिल्म में भगवान राम के चरित्र को हल्केपन से दिखाने और रावण का महिमामंडन करने का प्रयास किया गया है। इस फिल्म का सेंसर प्रमाणपत्र निरस्त हाेना चाहिए। यह बातें सोमवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित समारोह में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहीं।

उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए एक अरब से अधिक हिंदू रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह्य की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के जीवन में सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं, लेकिन फिल्म में इनका जिक्र नहीं किया गया है। ऋषि-मुनियों की रक्षा और उनकी साधना में बाधा डालने वाले राक्षसों के उन्मूलन के लिए भगवान राम के अभियान को व्यक्तिगत प्रतिशोध के रूप में दिखाने का प्रयास किया गया है। वहीं, अहंकारी और अत्याचारी रावण को शोषितों का उद्धारक बताना हिंदू जनमानस की भावनाओं पर सीधा प्रहार है।

मिलिंद परांडे ने कहा कि राम कथा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए मर्यादाओं का आदर्श प्रस्तुत करती है। इसमें मनमाने बदलाव करना समाज के नैतिक मूल्यों को प्रभावित करने जैसा है। सनातन संस्कृति और उसके मानबिंदुओं पर हो रहे वैचारिक हमलों का जवाब संगठित हिंदू समाज को देना होगा। इसी उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद की ओर से 22 नवंबर से छह दिसंबर तक देशभर में 15 दिवसीय हितचिंतक अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत घर-घर संपर्क कर लोगों को सनातन संस्कारों और राम कथा के वास्तविक आदर्शों के प्रति जागरूक किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों, जातियों और जनजातीय समुदायों को एकजुट कर सामाजिक समरसता मजबूत करने का प्रयास होगा। इसके साथ ही देश के गांवों, बस्तियों और मोहल्लों में विहिप की इकाइयों का गठन कर युवाओं और मातृशक्ति को संगठन से जोड़ा जाएगा।

अभियान के माध्यम से वंचित वर्गों के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और गौ-रक्षा से जुड़े सेवा कार्यों का भी विस्तार किया जाएगा। विहिप ने रामभक्तों और सनातनी समाज के लोगों से अभियान में भागीदारी कर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के कार्यों में सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम-जानकी दरबार के पूजन के साथ हुई। इसमें पनकी हनुमान मंदिर के महंत जितेंद्र दास महाराज, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता, विहिप के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे, क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र, प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना, कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल और प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने पूजन किया।

समारोह में राजेश, मनीष, गोपाल, नरेश तोमर, आशीष गुप्ता, अमरनाथ, अर्चना, विवेक, गणेश, विनोद तोमर, अनुराग, आनंद, युवराज, केशव, मुकेश, नितिन, किशन, मोहित और कालीचरण समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और मातृशक्ति मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…