वाराणसी पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, नमो घाट पर करेंगे काशी तमिल संगमम-5.0 का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद, 12 दिसंबर तक चलेगा आयोजन
वाराणसी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच गए। वह नमो घाट पर आयोजित होने वाले काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को जोड़ने वाला यह आयोजन 12 दिसंबर तक चलेगा।
उपराष्ट्रपति विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां सीएम योगी, राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु, मेयर अशोक तिवारी, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी समेत भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति कालभैरव मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए। बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद उपराष्ट्रपति और सीएम काशी तमिल संगमम में भाग लेने जाएंगे। काशी तमिल संगमम-5.0 के तहत 15 दिनों तक वाराणसी में विविध सांस्कृतिक, साहित्यिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान तमिलनाडु और काशी की कला, संस्कृति, परंपरा, भाषा और ऐतिहासिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में विभिन्न चरणों में तमिलनाडु से करीब 1400 से 1500 अतिथियों और प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है। समारोह के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें तमिलनाडु और काशी की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। बीएचयू से नमो घाट तक आयोजन को लेकर उत्सवी माहौल बनाया गया है।
विशेष ट्रेन से पहुंचा पहला जत्था
तमिलनाडु से छात्र प्रतिनिधियों का पहला जत्था 27 नवंबर की शाम विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंचा। बनारस रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अतिथियों के लिए पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके तहत पहले दो दिन काशी और आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। तीसरे दिन अयोध्या और चौथे दिन प्रयागराज की यात्रा प्रस्तावित है। इसके बाद सभी प्रतिभागी काशी लौटेंगे, जहां से उनकी विदाई होगी।