Live VNS

कैंसर के इलाज और शोध को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक राष्ट्रीय प्रयास जरूरी : उपराष्ट्रपति

कैंसर के इलाज और शोध को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक राष्ट्रीय प्रयास जरूरी : उपराष्ट्रपति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शुक्रवार को कैंसर के उपचार और इससे जुड़े शोध को बेहतर बनाने के लिए देशभर के अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के बीच सामूहिक प्रयासों तथा सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा अनुसंधान और नई खोजों का लाभ पूरी मानवता तक पहुंचना चाहिए, न कि इसे कुछ देशों या विशेष वर्गों तक सीमित रखा जाना चाहिए।

राधाकृष्णन ने यहां ओखला स्थित होली फैमिली अस्पताल के नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने ‘होली फैमिली अस्पताल स्मारिका 2026’ का विमोचन किया और नए ब्लॉक के निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।

उपराष्ट्रपति ने कैंसर के खिलाफ लड़ाई में सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित करते हुए देशभर के कैंसर अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को एक साझा मंच पर लाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न संस्थान अपने शोध, अनुभव, ज्ञान और उपचार के बेहतर तरीकों को एक-दूसरे के साथ साझा कर सकेंगे। उन्होंने इस दिशा में सहयोग को मजबूत करने के लिए पहल की इच्छा व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ करुणामय, मानवीय और किफायती उपचार सुनिश्चित करना चाहिए। नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक से विशेष चिकित्सा सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ेगी लेकिन ऐसी सुविधाओं की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि उन्नत उपचार कितनी किफायती दरों पर और कितनी मानवीय संवेदना के साथ उपलब्ध कराया जाता है।

राधाकृष्णन ने कहा कि किसी अस्पताल की वास्तविक शक्ति केवल उसके बुनियादी ढांचे और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से नहीं बल्कि वहां काम करने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण, विशेषज्ञता तथा मानवीय संवेदना से तय होती है।

होली फैमिली अस्पताल की विरासत का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 1953 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने इस अस्पताल की आधारशिला रखी थी। यह निरंतरता दर्शाती है कि जनसेवा के संकल्प के साथ स्थापित संस्थान पीढ़ियों तक समाज को लाभ पहुंचाते हैं।

अस्पताल की ओर से जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति के भेदभाव के बिना सभी को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की बुनियाद आपसी सम्मान और प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता पर टिकी है। अच्छे कार्यों और निःस्वार्थ सेवा को हमेशा प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जैसी पहलों ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अस्पताल में भर्ती होने के खर्च का बोझ कम करने में मदद की है।

उन्होंने पिछले एक दशक में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स), चिकित्सा महाविद्यालयों और स्नातक एवं स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटों की संख्या में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से देशभर में विशेष चिकित्सा सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा तक लोगों की पहुंच बढ़ी है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वस्थ भारत ही विकसित भारत@2047 की आधारशिला है। विकसित भारत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब विकास का लाभ गांवों और छोटे कस्बों सहित देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचेगा। उन्होंने इस दिशा में धर्मार्थ अस्पतालों और स्वयंसेवी संगठनों को स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था का महत्वपूर्ण भागीदार बताया।

उन्होंने सतत और समावेशी विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि एक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वस्थ समाज का होना बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर भारत में अपोस्टोलिक ननसियोचर के प्रभारी राजदूत एंड्रिया फ्रांसिया, होली फैमिली अस्पताल सोसाइटी के अध्यक्ष आर्कबिशप अनिल जे. टी. काउटो, दिल्ली आर्चडायोसिस के सहायक बिशप दीपक वैलेरियन टॉरो, अस्पताल के निदेशक फादर जॉर्ज पी. ए. सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…