जयपुर जिले में 30 नवंबर से चलेगा विटामिन-ए अभियान: 6.19 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बच्चों में विटामिन-ए की कमी से होने वाले कुपोषण, रतौंधी और आंखों से संबंधित समस्याओं की रोकथाम के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विटामिन-ए अभियान का 51वां चरण 30 नवंबर से 30 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जयपुर जिले में 9 माह से 5 वर्ष तक की आयु के 6 लाख 19 हजार 20 पात्र बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों के शारीरिक विकास, आंखों के स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी से बच्चों में रतौंधी सहित कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार की ओर से प्रतिवर्ष विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम के दो चरण आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 9 से 12 माह तक की आयु के बच्चों को आधी चम्मच यानी 1 एमएल तथा 1 वर्ष से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को एक चम्मच यानी 2 एमएल विटामिन-ए सिरप पिलाई जाएगी। यह खुराक निर्धारित छह माह के अंतराल पर दी जाती है। अभियान के दौरान बच्चों के नियमित टीकाकरण की स्थिति की भी जांच की जाएगी। निर्धारित टीकों से वंचित बच्चों को आवश्यक टीकाकरण सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) जयपुर प्रथम डॉ. धर्मेन्द्र कराड़िया और जयपुर द्वितीय डॉ. सौरभ आर्य ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए ब्लॉक स्तर पर चिकित्सा संस्थान प्रभारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।
सभी चिकित्सा संस्थानों और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर विटामिन-ए सिरप की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, निर्धारित सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने तथा अभियान के दौरान नियमित निगरानी और रिपोर्टिंग के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी पात्र बच्चे के छूटने की आशंका को समाप्त करने के लिए आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से बच्चों की पहचान कर सूची तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। सिरप पिलाते समय स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल की पालना भी सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश