Live VNS

विवान कपूर ने दिलाया भारत को एलए-2028 ओलंपिक का तीसरा कोटा, ट्रैप में जीता रजत

विवान कपूर ने दिलाया भारत को एलए-2028 ओलंपिक का तीसरा कोटा, ट्रैप में जीता रजत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दोहा, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय निशानेबाज विवान कपूर ने गुरुवार को आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा का रजत पदक जीतकर देश को लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 का तीसरा कोटा दिलाया। कतर के लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में मिली इस सफलता के साथ ही भारत की पदक संख्या 13 पहुंच गई। इसी दिन अंकुर गोयल ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत रजत और टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में दो और पदक डाले।

विवान ने ट्रैप फाइनल में कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान के साथ 29-29 निशाने लगाकर बराबरी की। स्वर्ण पदक के लिए हुए शूटऑफ में अलफैहान ने 3-2 से बाजी मार ली। चीन के क्यू यिंग ने 22 निशानों के साथ कांस्य पदक जीता।

इससे पहले जयपाल मालवीय और नीरज कुमार भी दोहा में ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। जयपाल ने पांच नवंबर को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला था। वहीं, नीरज ने बुधवार को पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतकर दूसरा कोटा दिलाया था।

उदाइवीर फाइनल में छठे स्थान पर रहे

ट्रैप क्वालिफिकेशन में सात निशानेबाजों ने 125 में से 120 अंक हासिल किए थे। इसके बाद शूटऑफ में विवान ने छठा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 25, 24, 24, 24 और 23 के स्कोर के साथ कुल 120 निशाने लगाए। उनके साथ भारतीय निशानेबाज उदाइवीर सिंह जैजी ने भी 120 का स्कोर किया और शूटऑफ में 3+0 के प्रदर्शन के साथ आठवां तथा अंतिम फाइनल स्थान हासिल किया। उदाइवीर ने फाइनल में 11 निशाने लगाए और क्वालिफिकेशन रैंकिंग के आधार पर छठे स्थान पर रहे।

पुरुषों की ट्रैप टीम स्पर्धा में विवान (120), उदाइवीर (120) और जोरावर सिंह संधू (114) की भारतीय तिकड़ी 354 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। भारत का स्कोर पोलैंड और चेक गणराज्य के बराबर था, लेकिन अंतिम राउंड में कम स्कोर के कारण टीम पदक से चूक गई। कुवैत ने 356 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।

अंकुर गोयल ने जीते दो पदक

पुरुषों की 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में अंकुर गोयल ने 583-19एक्स के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। उन्होंने प्रिसिजन चरण में 292 और रैपिड चरण में 291 अंक हासिल किए। लातविया के अर्नेस्ट्स एर्ब्स ने 588-24एक्स के साथ स्वर्ण और चेक गणराज्य के जिंदरिच डुबोवी ने 582-26एक्स के साथ कांस्य पदक जीता।

अंकुर ने अमनप्रीत सिंह और राजकंवर सिंह संधू के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने कुल 1727-57एक्स का स्कोर किया। यूक्रेन ने 1735-47एक्स के साथ स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने 1731-46एक्स के साथ रजत पदक जीता।

गुरुवार की स्पर्धाओं के बाद भारत पदक तालिका में 13 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत के खाते में दो स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक हैं। चीन 27 पदकों (13 स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य) के साथ पहले, जबकि दक्षिण कोरिया 10 पदकों (दो स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…