सरोआ कांडी मे मनाया गया जिला स्तरीय विश्व मधुमेह दिवस
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंडी, 22 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सरोआ कांडी पंचायत घर में जिला स्तरीय विश्व मधुमेह दिवस का आयोजन किया गया। इस दिवस के अवसर पर मधुमेह की बिमारी के लक्षणों, कारणों, निदान, उपचार व बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। जिसमें बताया गया कि विश्व में 40 प्रतिशत लोगों का अभी भी मधुमेह के रोगियों का निदान नहीं हो सका है। वहीं 50 प्रतिशत मधुमेह टाईप 2 के रोगियों में उपचार के दौरान जटिलताएं पाई गई हैं। विश्व स्तर पर प्रत्येक 9 में से एक व्यक्ति मे मधुमेह रोग से ग्रस्त है। जिला स्तरीय जागरूकता शिविर में बताया गया कि मुंह सूखना, बार-बार पेशाब का आना, थकान, अचानक वजन कम होना, फंगल इन्फैक्शन का बार होना इसके लक्षण हो सकते हैं।
जन सूचना एव सम्प्रेषण अधिकारी लोक सिंह नेगी ने कहा कि मुधुमेह दो तरह का होता है टाईप वन व टाईप टू । उन्होंने बताया कि 90 से 95 प्रतिशत मधुमेह के मरीज अकसर टाईप 2 के होते हैं। जिन्हें सलाह दी जाती है कि खानपान में बदलाव, शराब व तम्बाकू का त्याग करें। इसके अलावा व्यायाम व चिकित्सक की सलाह से दवाईयों का प्रयोग करके इसे नियंत्रण में रखा जा सकता है ।
उन्होंने बताया कि अचानक शरीर में हार्मोन के बदलाव होने पर गलती से हमारा इम्यून सिस्टम पैनक्रियाज में इंसुलीन बनाने वाले बीटा सैल को बर्बाद कर देता है। जिससे टाइप वन मधुमेह का रोग होता है। यह कई बार अनुवाशिंक भी हो सकता है और इसकी संभावना 5 से 15 प्रतिशत होती है। जागरुकता शिविर के दौरान 117 लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई ,जिसमे 7 व्यक्तियों में मधुमेह के लक्षण, 11 व्यक्तियों में उच्च रक्तचाप व 5 मे मोटापा पाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा