Live VNS

गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें: मदन राठौड़

गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें: मदन राठौड़

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मतदाताओं से गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने और अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव भी विकसित होंगे। केंद्र और राज्य के बाद गांवों में भी भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलेगी।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य गांवों में बेहतर सड़कें, रोड लाइट, नालियां और इंटरनेट सहित शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो और पलायन रुके। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव के पहले तीन चरणों में भाजपा के पक्ष में उत्साहजनक मतदान हुआ है और चौथे चरण में भी पार्टी को समर्थन मिलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की दुहाई देने से पहले अपने इतिहास पर गौर करना चाहिए। उनके अनुसार, कांग्रेस ने 93 से अधिक बार संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकारों को प्रभावित किया। उन्होंने गहलोत पर विधायकों को प्रलोभन देकर सरकार बनाने और सत्ता बचाने के आरोप भी लगाए।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा अपने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देकर सक्षम और जिम्मेदार बनाने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में करीब 18 माह में 13 चरणों में चुनाव हुए और लगभग 280 दिन आचार संहिता लागू रही, जबकि वर्तमान सरकार करीब 40 दिनों में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी करवा रही है। इससे विकास कार्यों के लिए अधिक समय मिलेगा।

उन्होंने विपक्ष पर बाहुबल, भीड़तंत्र और अराजकता के जरिए सत्ता हासिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के जनादेश का सम्मान जरूरी है। चुनी हुई सरकारों, संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्र की गरिमा का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…