हांसी : भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलीभगत कर वोटों में की हेराफेरी: बजरंग गर्ग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत उमरा गांव में कांग्रेस का कार्यक्रम
मतदाता सूचियों की जांच करने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की अपील
हांसी, 14 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता
एवं हांसी जिला प्रभारी बजरंग गर्ग ने भाजपा पर चुनाव आयोग से मिलीभगत कर देश और प्रदेश
में वोटों की चोरी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग के
साथ मिलकर सही मतदाताओं के नाम कटवाए और चुनाव में धांधली करके सरकार बनाई है। लोकतंत्र
में जनता के वोट की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी
है।
बजरंग गर्ग शनिवार काे कांग्रेस की ओर से लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव
प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर चलाए जा रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के
तहत गांव उमरा में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा
कि वोट केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश का भविष्य निर्धारित करने का सबसे महत्वपूर्ण
माध्यम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए। अभियान
का उद्देश्य मतदाता सूचियों में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित करवाना और
चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता की मांग को मजबूत करना है। किसी भी
पात्र मतदाता को उसके अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
बजरंग गर्ग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों
और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती आई है। आज युवाओं, किसानों, मजदूरों,
व्यापारियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आगे आने की जरूरत
है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता
सूची की जांच के लिए जागरूक करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है
या उसमें कोई त्रुटि है तो नियमानुसार उसे ठीक करवाएं। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल मक्कड़, तेलूराम जांगड़ा, सुमन शर्मा, पवन
गोयल, किरण मलिक, मनोज राठी, जिला पार्षद मोहित मलिक, राजेश कासनिया, योगेंद्र योगी,
मोहित सीहाल, युवा अध्यक्ष सोबिन भाटला, युवा ब्लॉक अध्यक्ष अजय बेरवाल, सतपाल मलिक,
संदीप कुशवाहा, सत्यवान मलिक, गौरव सैनी, अशोक मलिक, अमित जुल्हा, पूर्व पार्षद सुभाष
चावला, राजेंद्र बंसल, कमलेश रंगा, कृष्ण सोरखी, डॉ. सतीश मंगल पुट्ठी और चिनु बत्रा
सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर