जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत, 11 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे-आपत्ति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गुरुवार से भागलपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हो गई है।
अभियान के पहले दिन जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रारूप सूची के प्रकाशन के साथ ही दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। पात्र नागरिक आगामी 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, विलोपित करवाने या दर्ज विवरणों में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है। यानी ऐसे सभी युवा जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी कारणवश छूट गए पात्र नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निर्वाचन विभाग के नियमों के अनुसार, अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित फॉर्म भरने होंगे। फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए। फॉर्म-7: सूची से किसी का नाम हटवाने या नाम जोड़ने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
फॉर्म-8: नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार, पता बदलने, वोटर आईडी कार्ड (इपिक) बदलवाने तथा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने के लिए। मतदाता अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारी के पास ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल (voters.eci.gov.in) या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए मतदाता टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर