Live VNS

मतदाता पुनरीक्षण में छह बीएलओ की प्रगति शून्य, वेतन रोकने की चेतावनी

मतदाता पुनरीक्षण में छह बीएलओ की प्रगति शून्य, वेतन रोकने की चेतावनी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बांदा, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही बरतने पर नरैनी विधानसभा क्षेत्र के छह बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। समीक्षा में संबंधित बीएलओ की प्रगति शून्य मिलने पर प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए वेतन रोकने की चेतावनी दी है।

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 17 नवंबर से एसआईआर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 नवंबर को तहसील अतर्रा में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें विधानसभा क्षेत्र 234 नरैनी के छह बीएलओ ने अपने आवंटित मतदान स्थलों पर काम शुरू नहीं किया था। संबंधित पर्यवेक्षकों की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं।

सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार अतर्रा राम मोहन ने बताया कि बूथ संख्या 347 के देवेंद्र कुमार यादव, 349 के जाहिरलाल पांडेय, 353 के कमल कुमार गौतम, 366 के सतेंद्र, 378 के अरुण कुमार गर्ग और 384 के अरविंद कुमार की प्रगति शून्य पाई गई है।

उन्होंने संबंधित पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए हैं कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया जाएगा।

प्रशासन ने सभी बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने की हिदायत दी है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…