Live VNS

महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के खिलाफ नैनीताल में निकली वॉकथॉन रैली

महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के खिलाफ नैनीताल में निकली वॉकथॉन रैली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नैनीताल, 22 नवंबर (हि.स.)। ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस की नैनीताल शाखा ने संस्था के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को ‘जीरो वायलेंस अगेंस्ट विमेन’ थीम पर वॉकथॉन रैली का आयोजन किया। रैली में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल सहित विभिन्न विद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय के बीएड कॉलेज के विद्यार्थियों ने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों को इस गंभीर विषय पर सोचने के लिए प्रेरित किया। भारतीय शहीद सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता पारंपरिक छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया। बीएसएसवी विद्यालय की छात्राओं ने कुमाउनी गीतों की मधुर प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति के रंग बिखेरे।

परिषद की सचिव प्रीति शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। परिषद की स्टैंडिंग कमेटी की सदस्य मंजू कोटिलिया ने कहा कि संस्था पिछले 100 वर्षों से महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है। शताब्दी वर्ष में संस्था ने महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त न करने का संकल्प लिया है।

आयोजन में एशडेल स्कूल सुखताल, मोहन लाल साह बालिका विद्यालय और सीआरएसटी विद्यालय का भी सहयोग रहा। डॉ. मनोज बिष्ट, कमल जोशी, काशिफ जाफरी, आईटीईपी के शिक्षक, जितेन्द्र तथा राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्कूल और भारतीय शहीद सैनिक स्कूल के शिक्षक भी कार्यक्रम में सहयोगी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…