Live VNS

मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों का धरना समाप्त, उपायुक्त ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों का धरना समाप्त, उपायुक्त ने दिया कार्रवाई का भरोसा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नूंह, 11 नवंबर (हि.स.)। नूंह के पल्ला गांव स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में पिछले कई दिनों से जारी आंदोलन के बीच बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक पहल देखने को मिली। उपायुक्त अखिल पिलानी कॉलेज पहुंचे और धरने पर बैठे विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त करवाया।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और मांगों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा वक्फ बोर्ड की ओर से कॉलेज के संचालन के लिए शुरुआत से ही ब्याज मुक्त ऋण के रूप में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और यह सहयोग लगातार जारी है। कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी बोर्ड की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि संविदा शिक्षकों से संबंधित आदेश जारी किए जा चुके हैं, जबकि गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। इसके अलावा कॉलेज की लाइब्रेरी के लिए पुस्तकों का प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद उनकी खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कॉलेज की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…