जल संरक्षण, नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश लेकर दौड़ा इंदौर, 20 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बेटे के साथ लगाई दौड़, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली दिलाई शपथ
इंदौर, 29 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने वाला इंदौर अब जल संरक्षण, नशामुक्ति और फिटनेस को जनआंदोलन बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी संदेश को लेकर रविवार सुबह दशहरा मैदान से ‘वन इंदौर-रन इंदौर’ मैराथन का आयोजन किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में यूनाइटेड इंदौर के बैनर तले लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस मैराथन में 20 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और पेशेवर धावकों ने उत्साह के साथ दौड़ लगाकर स्वस्थ और जागरूक इंदौर का संदेश दिया।
मैराथन की शुरुआत से पहले प्रतिभागियों के लिए योग, जैमिंग और जुम्बा सेशन आयोजित किए गए। इसके बाद निर्धारित श्रेणियों में दौड़ शुरू हुई। आयोजन का उद्देश्य केवल लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना नहीं था, बल्कि पानी की हर बूंद बचाने, नशे से दूर रहने और नियमित व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए भी प्रेरित करना था।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअली दिलाई जल संरक्षण और नशामुक्ति की शपथ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियान स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इंदौर ने फिटनेस को जल संरक्षण जैसे जरूरी विषय से जोड़कर अच्छी पहल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संकट की किसी भी परिस्थिति में सरकार जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने लोगों से नशे को ना और फिटनेस को हां कहने का आह्वान किया। साथ ही प्रतिभागियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि वन इंदौर का संकल्प केवल महापौर का नहीं, बल्कि पूरी सरकार का संकल्प है। पानी की एक-एक बूंद बचाना जरूरी है। जल केवल जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि हमारी आस्था का प्रतीक भी है। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
स्वच्छता के बाद जल संरक्षण में भी अग्रणी बनने का लक्ष्य
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपने बेटे के साथ मैराथन में दौड़ लगाई। उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता की भागीदारी और सामूहिक संकल्प के कारण ही शहर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी पहचान बनाई है। अब इसी जनभागीदारी को जल संरक्षण और नशामुक्ति के अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया, उसी तरह पानी बचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प को भी हर नागरिक तक पहुंचाना है।
10 किमी में 3 हजार, 5 किमी में 8700 धावक दौड़े
मैराथन में तीन श्रेणियों में दौड़ आयोजित की गई। 10 किलोमीटर की दौड़ में करीब 3 हजार पेशेवर और अनुभवी धावक शामिल हुए। वहीं, 5 किलोमीटर की दौड़ में लगभग 8700 और 3 किलोमीटर की फैमिली रन में करीब 5500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा बिना पंजीयन पहुंचे लोगों ने भी आयोजन में भागीदारी की। दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों से भी धावक इंदौर पहुंचे।
10 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 15 हजार और द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। पांच और तीन किलोमीटर की श्रेणियों में भी विजेताओं को पुरस्कार और मेडल प्रदान किए गए।
पोहे के नाश्ते के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मैराथन के समापन पर प्रतिभागियों को इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का नाश्ता कराया गया। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। पंजीयन कराने वाले प्रतिभागियों को दौड़ से जुड़ी सामग्री पुराने कपड़ों के पुन: उपयोग से तैयार किए गए बैग में दी गई। इसके माध्यम से फिटनेस के साथ वेस्ट मटेरियल के बेहतर उपयोग और संसाधनों के पुनर्चक्रण का संदेश दिया गया।
आयोजन में विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, प्रदीप भंडारी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, दीपक जैन टीनू, कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, एमआईसी सदस्य और पार्षदों ने भी दौड़ लगाई। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।
तीन संकल्पों के साथ स्वस्थ इंदौर की पहल
‘वन इंदौर-रन इंदौर’ के जरिए शहरवासियों को तीन प्रमुख संदेश दिए गए। पहला, जल संरक्षण के लिए पानी की हर बूंद बचाना और उसका जिम्मेदारी से उपयोग करना। दूसरा, युवाओं को नशे से दूर रखकर नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाना। तीसरा, नियमित दौड़, व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाना। बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी ने आयोजन को केवल मैराथन तक सीमित न रखकर सामाजिक जागरूकता का मंच बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे