Live VNS

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर चला बुलडोजर, फुटपाथ से हटाए गए अवैध निर्माण

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर चला बुलडोजर, फुटपाथ से हटाए गए अवैध निर्माण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोलकाता, 12 नवंबर (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर के बाहर गुरुवार सुबह कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने बड़ी कार्रवाई की। सांसद के घर (121, कालीघाट रोड) के बाहर फुटपाथ पर बांस से बने अस्थायी ढांचे (शेड) को बुलडोजर से ढहा दिया गया।

इस ढांचे के साथ ही सांसद के घर की चहारदीवारी के मुख्य द्वार के बाहर फुटपाथ घेरकर लगाए गए एक लोहे के गेट को भी गैस कटर से काटकर हटा दिया गया। आरोप है कि यह गेट अवैध रूप से फुटपाथ पर कब्जा करके लगाया गया था।

अवैध निर्माण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए सांसद के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय बलों के जवानों को तैनात किया गया था। शांतिपूर्ण कार्रवाई के बीच केएमसी कर्मियों ने बांस और अन्य मलबे को हटाकर फुटपाथ को पूरी तरह साफ कर दिया।

यह मामला पिछले कुछ दिनों से विवादों में था। लोगों की शिकायत थी कि फुटपाथ पर इस शेड और गेट के कारण राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। पिछले शुक्रवार रात अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के जश्न के दौरान भी इस शेड के नीचे भारी भीड़ जमा हुई थी, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी।

बुधवार शाम को भी पुलिस शेड हटाने के लिए अभिषेक के घर पहुंची थी। हालांकि, अभिषेक के कार्यालय के कर्मचारियों ने खुद ही अस्थायी ढांचे को हटाना शुरू कर दिया था। कालीघाट तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता अर्क नाग ने बुधवार शाम स्पष्टीकरण दिया था कि यह शेड राज्य के सुरक्षा निदेशालय द्वारा पुलिसकर्मियों के बैठने के लिए बनाया गया था, जब अभिषेक को 'जेड प्लस' सुरक्षा प्राप्त थी।

नाग का दावा था कि राज्य में सरकार बदलने के बाद अभिषेक की अतिरिक्त सुरक्षा वापस ले ली गई है, इसलिए इस शेड की अब कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा था, यह शेड पुलिस ने ही बनाया था। चूंकि अतिरिक्त सुरक्षा हटा ली गई है, इसलिए अभिषेक बनर्जी की ओर से ही इसे हटाने की व्यवस्था की जा रही है।

हालांकि, गुरुवार सुबह तक शेड पूरी तरह से नहीं हटाया गया था, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने बुलडोजर के साथ पहुंचकर उसे ढहा दिया और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया।

इस बीच, बुधवार दोपहर को अभिषेक बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि पुलिस उनके घर के बाहर गाड़ियों के जरिए निगरानी (रेकी) कर रही है।

इस पूरी कार्रवाई को लेकर फिलहाल कालीघाट टीएमसी या अभिषेक बनर्जी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…