राज्य में गोहत्या की अनुमति नहीं, लाया जाएगा नया विधेयक : शुभेंदु अधिकारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कोलकाता, 23 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य में गोहत्या की अनुमति नहीं दी जाएगी और इस संबंध में जल्द ही नया विधेयक लाकर कानून बनाया जाएगा। नबन्ना में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि बुजुर्ग गायों के संरक्षण और देखभाल के लिए राज्य की गोशालाओं को प्रतिवर्ष एक लाख का अनुदान दिया जाएगा।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा, राज्य में गोमाता की हत्या नहीं होने दी जाएगी, चाहे इसकी जो भी व्याख्या की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में 1950 के पशुधन अधिनियम (कैटल एक्ट) के प्रावधानों के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। पूछे जाने पर कि क्या बूचड़खानों (स्लॉटर हाउस) में पशुवध बंद कर दिया जाएगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि बूचड़खाना और गोमाता पर हाथ डालना एक ही बात नहीं है। यदि बूचड़खानों के पास वैध अनुमति है, तो वे नियमानुसार कार्य कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून लागू होने के बावजूद राज्य के कुछ हिस्सों में चोरी-छिपे गोहत्या की शिकायतें मिल रही हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं। कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व अवलोकन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। यदि कहीं छिपकर यह सब किया जा रहा है, तो उसका विवरण भेजा जाए, उसे तत्काल बंद करा दिया जाएगा।
गौरतलब है कि, पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने 1950 के पशुधन अधिनियम के नियमों को प्रभावी ढंग से लागू किया था। इन नियमों के अनुसार, प्रशासन की अनुमति के बिना मवेशियों का वध नहीं किया जा सकता और 14 वर्ष से कम आयु के मवेशियों के वध पर पूर्ण प्रतिबंध है। साथ ही, इसके लिए संबंधित स्थानीय प्राधिकरण या पश्चिम बंगाल के पशु संसाधन विभाग की लिखित अनुमति अनिवार्य है।
इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी, जिस पर गत 21 मई को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार की 13 मई की अधिसूचना को बरकरार रखा था। अदालत ने स्पष्ट किया था कि वध के लिए उपयुक्त होने के प्रमाणपत्र के बिना पशुवध नहीं किया जा सकता। इसी टिप्पणी का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य में बुजुर्ग गायों के लालन-पालन और चिकित्सा उपचार के लिए गोशालाओं को हर साल एक लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर