Live VNS

नितिन गडकरी और सीएम शुभेंदु ने साथ खाई झालमूड़ी, बंगाल के लिए एक लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं का ऐलान

नितिन गडकरी और सीएम शुभेंदु ने साथ खाई झालमूड़ी, बंगाल के लिए एक लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं का ऐलान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोलकाता, 26 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में गुरुवार को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साथ बैठकर बंगाल के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड 'झालमूड़ी' का स्वाद लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं का यह अनौपचारिक अंदाज चर्चा का विषय बन गया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस खास पल की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान झालमूड़ी की व्यवस्था की थी और उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ इस लोकप्रिय बंगाली व्यंजन का आनंद लिया।

हालांकि, इस मुलाकात का मुख्य आकर्षण बंगाल के लिए घोषित बड़ी सड़क परियोजनाएं रहीं। गडकरी ने राज्य में सड़क और राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार के लिए करीब एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। इसके साथ ही 8,700 करोड़ से अधिक की लागत वाली 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में वर्तमान में करीब 35,000 करोड़ की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वहीं, केंद्र सरकार राज्य में लगभग 40,000 करोड़ की परियोजनाएं पहले ही पूरी कर चुकी है। उन्होंने राज्य के लिए एक लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त सड़क परियोजनाओं की घोषणा करते हुए भरोसा दिलाया कि बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार धन की कोई कमी नहीं होने देगी।

गडकरी ने कहा, आज मैं बंगाल के लिए एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा कर रहा हूं। मैं उन लोगों में से नहीं हूं, जो केवल घोषणाएं करके चले जाते हैं। उन्हाेंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य पश्चिम बंगाल के औद्योगिक केंद्रों, वाणिज्यिक क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करना है। बेहतर राजमार्ग नेटवर्क से मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी, परिवहन लागत कम करने में मदद मिलेगी और राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कोलाघाट में झालमूड़ी का स्वाद लेते दोनों नेताओं की तस्वीर ने राजनीतिक और सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। एक ओर जहां कार्यक्रम में बंगाल के विकास के लिए बड़े निवेश की घोषणाएं हुईं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय व्यंजन के साथ दोनों नेताओं का सहज अंदाज भी चर्चा में रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…