Live VNS

परिसीमन विधेयक पर विशेष सत्र से पहले राहुल गांधी ने ममता को किया फोन, रणनीति पर हुई चर्चा

परिसीमन विधेयक पर विशेष सत्र से पहले राहुल गांधी ने ममता को किया फोन, रणनीति पर हुई चर्चा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोलकाता, 28 नवंबर (हि.स.)। परिसीमन विधेयक पारित कराने के उद्देश्य से बुलाए गए संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र को लेकर राष्ट्रीय राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी 30 नवंबर को लोकसभा और दो दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी, जबकि सत्र का समापन तीन दिसंबर को होगा। तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इस संक्षिप्त सत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)

के रथ को रोकने और विधेयक का मुकाबला करने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार रात पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फोन किया। दोनों नेताओं के बीच संसद में विपक्षी खेमे की रणनीति को लेकर लंबी बातचीत हुई।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से शनिवार को दावा किया गया है कि आगामी सत्र में लोकसभा की सीटें बढ़ाने वाले इस विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए विपक्ष के संभावित कदमों पर दोनों नेताओं ने विस्तार से चर्चा की। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब ऐसे संकेत मिले हैं कि राजग ने 'इंडि' गठबंधन के सहयोगी शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) को अपने पाले में लाने में सफलता प्राप्त कर ली है। दूसरी ओर, 'इंडी गठबंधन के पूर्व सहयोगी एवं द्रमुक (डीएमके) प्रमुख एमके स्टालिन ने भी विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। केंद्र सरकार द्वारा उनकी दो प्रमुख मांगें मान लिए जाने के बाद उनका रुख बदला है - पहली, परिसीमन के दौरान देश के हर राज्य में लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएं ताकि तमिलनाडु का 7.2 प्रतिशत प्रतिनिधित्व बरकरार रहे और दूसरी, लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 850 होने के बाद राज्यवार सीटों की संख्या अगले 25 वर्षों तक अपरिवर्तित रखी जाए।

कालीघाट सूत्रों के मुताबिक, इस बदले हुए राजनीतिक परिदृश्य में राहुल और ममता ने राकांपा (शरद) को विपक्षी गठबंधन में बनाए रखने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही, स्टालिन के साथ ममता के अच्छे व्यक्तिगत संबंधों को देखते हुए विधेयक के विरोध में उनका समर्थन हासिल करने के विकल्प पर भी चर्चा हुई। राहुल गांधी ने ममता को यह भी जानकारी दी कि दिल्ली से कांग्रेस नेतृत्व अन्य गैर-भाजपा दलों के साथ समन्वय स्थापित करने में कहां तक सफल हुआ है। इस सूची में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस भी शामिल है।

पार्टी सूत्रों का दावा है कि ममता बनर्जी पिछले एक सप्ताह से कोलकाता में रहकर ही 'इंडी' गठबंधन के शीर्ष नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। उनकी समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लालू प्रसाद यादव व तेजस्वी यादव, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला जैसे नेताओं के साथ निरंतर बातचीत चल रही है।

इस विषय पर तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद ने कहा, भाजपा जितनी आसानी से संसद में परिसीमन विधेयक पारित कराने की उम्मीद कर रही है, जमीनी हकीकत में यह उतना आसान नहीं होगा। हमारी पार्टी प्रमुख कोलकाता में बैठकर जिस प्रकार विपक्षी दलों के साथ समन्वय बना रही हैं, उसे देखते हुए हम पूरी तरह आश्वस्त हैं।

सांसद ने यह भी दावा किया कि भले ही द्रमुक वर्तमान में 'इंडी' गठबंधन से बाहर हो, लेकिन परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन को विपक्षी खेमे के साथ लाने के लिए ममता विशेष रूप से प्रयासरत हैं। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले सत्तापक्ष और विपक्ष की इस रणनीतिक सक्रियता ने दिल्ली की राजनीति का पारा चढ़ा दिया है और अब सभी की निगाहें सत्र के दौरान बनने वाले संसदीय समीकरणों पर टिकी हैं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…