Live VNS

कमोडिटी मार्केट में पूरे सप्ताह उतार-चढ़ाव के बीच होता रहा कारोबार, सोना-चांदी के भाव में आई गिरावट

कमोडिटी मार्केट में पूरे सप्ताह उतार-चढ़ाव के बीच होता रहा कारोबार, सोना-चांदी के भाव में आई गिरावट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार के लिए यह सप्ताह भारी उतार-चढ़ाव और बिकवाली के दबाव वाला साबित हुआ। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और बॉन्ड यील्ड में आई तेजी के कारण कीमती धातुओं और औद्योगिक धातुओं (बेस मेटल) में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक बाजार में स्पॉट सोना भारी बिकवाली के बीच फिसलकर 3,527 से 3,550 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया, जबकि चांदी भी छह प्रतिशत से अधिक लुढ़क कर 41.31 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई।

ग्लोबल मार्केट की कमजोरी का सीधा असर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर भी देखने को मिला। सप्ताह के अंत तक एमसीएक्स में सोना करीब चार प्रतिशत टूट कर 1,22,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में आ गया, जबकि चांदी में पांच प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट के कारण चांदी फिसल कर 1,48,500 से 1,49,200 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। औद्योगिक मांग को लेकर बनी चिंताओं के चलते बेस मेटल्स में भी बिकवाली हावी रही, जहां कॉपर वायदा तीन प्रतिशत से अधिक गिरकर 1,168 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गया।

एनर्जी सेक्टर की बात करें, तो मध्य पूर्व में जारी जियो-पॉलिटिकल टेंशन और सप्लाई में संभावित रुकावट की चिंताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उठापटक बनी रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड वायदा मामूली बढ़त के साथ 92.64 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 83.03 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता दिखा। हालांकि, सप्ताह के अंतिम सत्र में एमसीएक्स पर कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस में ऊपरी स्तर से मुनाफावसूली का दबाव भी देखा गया।

कृषि कमोडिटी बाजार यानी एनसीडीईएक्स पर भी इस सप्ताह ज्यादातर जिंसों में मुनाफावसूली का रुख रहा। रबी तिलहन की बुवाई के आंकड़ों और नई फसल की आवक के संकेतों के बीच मसाला वर्ग और ग्वार कॉम्प्लेक्स में गिरावट दर्ज की गई। जीरा, धनिया, ग्वार गम और ग्वार सीड के वायदा अनुबंधों में बिकवाली के चलते नरमी रही, जबकि पशु आहार की मांग बढ़ने के कारण बिनौला खली में मजबूती का रुख देखने को मिला। विश्लेषकों का मानना है कि आगामी सप्ताह में कच्चे तेल और सोने के लिए जियो-पॉलिटिकल घटनाक्रम और अमेरिकी ब्याज दरों के संकेत सबसे अहम पिवट प्वाइंट साबित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…