जींद : प्रथम पातशाही गुरु नानक देव का प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जींद, 24 नवंबर (हि.स.)।प्रथम पातशाही गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर मंगलवार को शहर के सभी गुरुद्वारों में रखे गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठों का भोग डाला गया तथा धार्मिक दीवान सजाए गए। अल सुबह ही शहर के सभी गुरुद्वारों में संगतों ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेक कर अपने गुरु के जन्मदिन के प्रति अपनी खुशी का इजहार किया तथा गुरु का अटूट लंगर बनाने की सेवा भी की।
दोपहर बाद सभी गुरुद्वारा में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। इस मौके पर हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य सरदार करनैल सिंह निम्नाबाद, गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह चौगामा, टहल सिंह, किरपाल सिंह, अमरीक सिंह,डॉ हरपाल आनन्द, शोभा सिंह, इंदरजीत सिंह, गुरुद्वारा साहिब के हैड ग्रन्थी मनजोत सिंह आदि शामिल हुए। गुरूद्वारा बंदा बहादुर साहिब में हजूरी रागी भाई गुरजीत सिंह के रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी कीर्तन गायन किए। सिंह सभा गुरुद्वारा भारत सिनेमा रोड में भाई सतबीर सिंह, भाई रिषिपाल सिंह ने गुरबाणी कीर्तन गायन किया। रेलवे जंक्शन स्थित सिंह सभा गुरूद्वारा में भाई संतोख सिंह व भाई जसवंत सिंह ने गुरुबाणी शब्दों द्वारा गुरु की महिमा का बखान किया व गुरु नानक देव की जीवनी से रूबरू करवाया।
धार्मिक दीवान में गुरू की महिमा का किया बखान
ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में प्रकाशोत्सव के उपलक्ष में सजाए गए धार्मिक दीवान में गुरुद्वारा साहिब के हजूरी रागी भाई जसबीर सिंह गुरबाणी शब्द गायन किये गए इसके बाद नानकसर साहिब पंजाब से आए भाई गुरमुख सिंह एवं करनाल से आए भाई चरनजीत सिंह ने सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानन होया शब्द की व्याख्या में संगतों को गुरु नानक देव जी की जीवनी से रूबरू करवाया। गुरुद्वारा मंजी साहिब के हेड ग्रन्थी ज्ञानी मनजोत सिंह ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं से संगतों को अवगत करवाया और साथ ही गुरू नानक देव जी की बाणी का बखान किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक साहिब का मानना था कि प्रत्येक व्यक्ति के समीप भगवान का निवास होता है, इसलिए हमें धर्म, जाति, लिंग, राज्य के आधार पर एक दूसरे से भेदभाव नहीं करना चाहिए। समाजसेवी डा. हरपाल आनंद ने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने प्रत्येक प्राणी को जीवन जीने की राह दिखाई। उनका त्याग, तप और ज्ञान प्रेरित करता है। उनकी दी हुई शिक्षाएं गुरु ग्रंथ साहिब में मौजूद हैं। श्री गुरु नानक देव ने इक ओंकार का संदेश फैलाया। जिसका अर्थ है एक ईश्वर। जो अपनी हर रचना में वास करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा